सर्वशक्तिमान परमेश्वर के वचन—स्वयं परमेश्वर, जो अद्वितीय है VII
कहानी 2. एक बड़ा पर्वत, एक छोटी जलधारा, एक प्रचण्ड हवाऔर एक विशाल लहर।
एक छोटी-सी जलधारा थी जो यहाँ वहाँ घूमती हुई बहती थी, और अन्ततः वह एक बड़े पर्वत के निचले सिरे पर पहुँचती थी। पर्वत उस छोटी जलधारा के मार्ग को रोक रहा था, अतः उस जलधारा ने अपनी कमज़ोर एवं धीमी आवाज़ में पर्वत से कहा, "कृपया मुझे गुज़रने दो, तुम मेरे मार्ग में खड़े हुए हो और मेरे आगे के मार्ग रोक रहे हो।" तब उस पर्वत ने पूछा, "तुम कहाँ जा रही हो?" इस पर उस छोटी-सी जलधारा ने जवाब दिया, "मैं अपने घर को ढूंढ़ रही हूँ।" पर्वत ने कहा, "ठीक है, आगे बढ़ो और सीधे मेरे ऊपर से बहकर निकल जाओ!" परन्तु क्योंकि वह छोटी जलधारा बहुत ही कमज़ोर थी और काफी छोटी थी, उसके लिए उस विशाल पर्वत के ऊपर से बहना सम्भव नहीं था, अतः उसके पास पर्वत के निचले सिरे पर लगातार बहते रहने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था...।
तभी वहाँ एक प्रचण्ड हवा का झोंका धूल और रेत लेकर आया और हवा पर्वत पर जोर से चीखी, "मुझे जाने दो!" पर्वत ने कहा, "तुम कहाँ जा रही हो?" हवा पलटकर चिल्लाई, "मैं पर्वत के उस पार जाना चाहती हूँ।" पर्वत ने कहा, "ठीक है, अगर तुम मेरे बीच से होकर निकल सकती हो, तो तुम जा सकती हो!" प्रचण्ड हवा ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने लगी, लेकिन प्रचण्डता से बहने के बावजूद, वह पर्वत के बीच से होकर नहीं निकल सकी। हवा थक गई, और आराम करने के लिए रूक गई। अतः पर्वत के उस किनारे पर केवल एक कमज़ोर हवा रुक-रुककर बहने लगी, जिससे लोग प्रसन्न थे। पर्वत ने इस तरह से लोगों का सत्कार किया...।
समुद्र के तट पर, सागर की फुहार चट्टानों पर आहिस्ता-आहिस्ता लुढ़कने लगी। अचानक, एक विशाल लहर ऊपर आई और गरजती हुई पर्वत की ओर अपना मार्ग बनाने लगी। "हट जाओ!" विशाल लहर चिल्लाने लगी। पर्वत ने पूछा, "तुम कहाँ जा रही हो?" बड़ी लहर नहीं रूकी और वह लगातार उमड़ने लगी जब उसने जवाब दिया, "मैं अपनी सीमा को बढ़ा रही हूँ और मैं अपने बाजुओं को थोड़ा और फैलाना चाहती हूँ।" पर्वत ने कहा, "ठीक है, यदि तुम मेरी चोटी से गुज़र सकती हो, तो मैं तुम्हें रास्ता दे दूँगा।" विशाल लहर थोड़ा पीछे हटी, और एक बार फिर से पर्वत की ओर उमड़ने लगी। लेकिन पूरी कोशिश करके भी वह पर्वत के ऊपर से नहीं जा सकी। उसके पास इसके सिवाय कोई और विकल्प नहीं था कि धीरे से वापस वहाँ चली जाए जहाँ से वह आई थी...।
शताब्दियाँ गुज़रने के बाद, वह छोटी जलधारा आहिस्ता-आहिस्ता पर्वत के निचले सिरे के चारों ओर रिसने लगी। पर्वत ने जो रास्ता बनाया था, उसी का अनुसरण करके वह छोटी जलधारा वापस अपने निवास में पहुँच गई; वह नदी में मिल गई, और समुद्र में बह गई। पर्वत की देखरेख में वह छोटी जलधारा कभी खत्म नहीं हुई। छोटी जलधारा और पर्वत एक-दूसरे पर भरोसा करते थे, वे एक दूसरे को रोके हुए थे, और वे एक-दूसरे पर निर्भर रहे।
शताब्दियों बाद भी, प्रचण्ड हवा ने पर्वत पर चीखने-चिल्लाने की अपनी आदतों को नहीं बदला। जब प्रचण्ड हवा पर्वत के पास "पहुँचती" तो वह रेत के बड़े-बड़े भँवर उड़ाने लगती, ठीक वैसे ही जैसे वह पहले किया करती थी। वह पर्वत को डराती, लेकिन पर्वत के बीच में से होकर कभी नहीं निकल पाई। प्रचण्ड हवा और बड़ा पर्वत एक दूसरे पर भरोसा करते थे, वे एक दूसरे को रोके हुए थे, और एक दूसरे पर निर्भर थे।
शताब्दियों बाद भी, विशाल लहर ने भी आराम नहीं किया, और कभी फैलना बन्द नहीं किया। वह पर्वत की ओर बार-बार गरजती और उमड़ती, फिर भी पर्वत कभी एक इंच भी नहीं हिला। पर्वत ने समुद्र की निगरानी की, और इस तरह से, समुद्र के जलचर बहुगुणित हुए और फले-फूले। विशाल लहर और बड़ा पर्वत एक दूसरे पर भरोसा करते थे, वे एक-दूसरे को रोके हुए थे, और एक-दूसरे पर निर्भर थे।
मेरी कहानी समाप्त हुई। पहले, तुम लोग मुझे इस कहानी के बारे में क्या बता सकते हो, मुख्य विषयवस्तु क्या थी? सबसे पहले, एक पर्वत था, फिर क्या? (एक छोटी जलधारा, प्रचण्ड हवा और एक विशाल लहर।) पहले भाग में छोटी जलधारा और बड़े पर्वत के साथ क्या हुआ? याद है? (छोटी जलधारा पर्वत के निचले सिरे पर बह रही थी।) छोटी जलधारा पर्वत के निचले सिरे पर बह रही थी, क्या यह वह कहानी है जो उन दोनों के बीच में घटी थी? वह जलधारा कहाँ चली गई? हम क्यों बड़े पर्वत और छोटी जलधारा के विषय में बात करेंगे? (क्योंकि पर्वत ने जलधारा की सुरक्षा की, और जलधारा कभी खत्म नहीं हुई, वे एक दूसरे पर भरोसा करते थे।) तुम लोग क्या कहोगे, पर्वत ने छोटी जलधारा की सुरक्षा की या उसको बाधित किया? (उसकी सुरक्षा की।) क्या ऐसा हो सकता है कि उसने उसे बाधित किया हो? पर्वत और छोटी जलधारा एक साथ थे; उसने जलधारा की सुरक्षा की, और यह एक बाधा भी थी। पर्वत ने जलधारा की सुरक्षा की ताकि जलधारा नदी में बह सके, लेकिन साथ ही इसे उन सभी जगहों पर बहने से भी रोका जिन्हें वह जलमग्न कर सकती थी और लोगों के लिए विनाशकारी हो सकती थी। क्या यह इस सत्र का मुख्य बिन्दु है? (हाँ।) जलधारा के लिए पर्वत की सुरक्षा ने और एक अवरोध के रूप में इसके कार्य ने लोगों के घरों की हिफाज़त की। फिर तुम लोगों के पास वह छोटी जलधारा है जो पर्वत के निचले सिरे पर नदी से मिलती है और बाद में समुद्र में बह जाती है; क्या यह उस छोटी जलधारा के लिए अति आवश्यक नहीं है? (हाँ।) जब जलधारा नदी में और उसके बाद समुद्र में बह गई, तो वह किस पर भरोसा करती थी? क्या वह पर्वत पर भरोसा नहीं करती थी? वह पर्वत की सुरक्षा पर भरोसा करती थी और पर्वत ने एक अवरोध के रूप में कार्य किया था; क्या यह मुख्य बिन्दु है? (हाँ।) क्या तुम इस उदाहरण में जल के लिए पर्वतों के महत्व को देखते हो? (हाँ, देखते हैं।) क्या यह महत्वपूर्ण है? (हाँ।) पर्वतों को ऊँचा एवं नीचा बनाने में क्या परमेश्वर के पास उसका कोई उद्देश्य है? (हाँ, है।) इसका अवश्य एक उद्देश्य है, सही है? यह कहानी का एक छोटा-सा हिस्सा है, और बस एक छोटी सी जलधारा से और एक बड़े पर्वत से हम उनके विषय में परमेश्वर की सृष्टि में इन दोनों चीज़ों के मूल्य एवं महत्व को देख सकते हैं। हम इस बात में भी उसकी बुद्धि एवं उद्देश्य को देख सकते हैं कि वह किस प्रकार इन दोनों चीज़ों पर शासन करता है? क्या यह सही नहीं है?
कहानी का दूसरा भाग किस बारे में है? (प्रचण्ड हवा और एक बड़े पर्वत के बारे में।) क्या हवा एक अच्छी चीज़ है? (हाँ।) ज़रूरी नहीं है, यदि हवा कभी बहुत तेज हुई तो यह विनाशकारी हो सकती है। यदि तुम्हें प्रचण्ड हवा में बाहर रहना पड़े तो तुम्हें कैसा महसूस होगा? यह इस बात पर निर्भर करता है कि यह कितनी तेज़ है, सही है? यदि यह हल्का-सा झोंका हो, या तीसरे-चौथे स्तर की हवा हो तो तब भी सहन की जा सकती है, अधिक से अधिक किसी व्यक्ति को अपनी आंखों को खुला रखने में तकलीफ होगी। लेकिन अगर यही हवा बवंडर बन जाए तो क्या तुम उसे सह सकते हो? तुम इसे झेल नहीं सकते। अतः लोगों का यह कहना गलत है कि हवा हमेशा अच्छी होती है, या हमेशा खराब होती है, क्योंकि यह इस बात पर निर्भर होता है कि हवा कितनी तेज है। अतः यहाँ पर्वत की क्या उपयोगिता है? क्या यह हवा के लिए एक छलनी के समान नहीं है? पर्वत इस प्रचण्ड हवा को झेलता है और उसे किस में बाँट देता है? (हवा के हल्के झोंके में।) हवा के हल्के झोंके में। अधिकांश लोग इसे उस वातावरण में स्पर्श एवं महसूस कर सकते थे जहाँ वे रहते हैं—यह प्रचण्ड हवा है या हवा का हल्का झोंका जिसे उन्होंने महसूस किया? (हवा का हल्का झोंका।) क्या यह परमेश्वर के द्वारा पर्वतों की सृष्टि के पीछे का एक उद्देश्य नहीं है? क्या यह उसका इरादा नहीं है? लोगों के लिए ऐसे वातावरण में रहना कैसा होगा जहाँ प्रचण्ड हवा रेत के कणों को चारों ओर उड़ाती हो और जहाँ उसे रोकने या छानने के लिए कोई चीज़ न हो? क्या ऐसा हो सकता है कि जहाँ रेत और पत्थर चारों तरफ उड़ते हैं, ऐसी भूमि पर लोग रहने में असमर्थ होते हों। शायद कुछ लोगों को चारों ओर उड़ते हुए पत्थरों के द्वारा सिर में चोट लग जाए, या कुछ लोगों की आँखों में रेत घुस जाए और वे देख न पाएँ। लोगों को हवा खींच ले या हवा इतनी तेजी से बहे कि वे खड़े ही न रह पाएँ। घर के घर तबाह हो जाएँ, तरह-तरह की आफ़त आए। क्या प्रचण्ड हवा का कोई मूल्य है? (हाँ।) यह मूल्य क्या है? जब मैंने कहा कि यह बुरी है, तब शायद लोगों को लगा हो कि इसका कोई मूल्य नहीं है, लेकिन क्या यह सही है? क्या इसके हवा के हल्के झोंके में बदलने का कोई मूल्य है? लोगों को सबसे अधिक किस चीज़ की आवश्यकता होती है जब यह सीलनदार या रुखी होती है? वे चाहते हैं कि हवा का एक हल्का झोंका आए, कि उनके मन को तरोताज़ा और साफ करे, कि उनके मिज़ाज को शांत करे और उनकी मनोदशा को सुधारे। उदाहरण के लिए, तुम लोग एक कमरे में बैठे हुए हो जहाँ बहुत सारे लोग हैं और हवा घुटन भरी है, तुम लोगों को सबसे अधिक किस चीज़ की आवश्यकता है? (हवा के हल्के झोंके की।) ऐसे स्थानों में जहाँ हवा गंदी और धूल से भरी होतो यह किसी व्यक्ति की सोच को धीमा कर सकती है, उसके रक्त प्रवाह को कम कर सकती है, और उनकी बुद्धि एकदम स्पष्ट नहीं होगी। लेकिन अगर हवा को बहने और घूमने का मौका मिले तो वह ताजी हो जाएगी और लोगों को अच्छा महसूस होगा। यद्यपि वह छोटी सी जलधारा और प्रचण्ड हवा एक आपदा बन सकती थी, लेकिन पर्वत होने की वजह से वह लोगों को फायदा पहुँचाने वाली बन गई; क्या यह सही नहीं है?
कहानी का तीसरा भाग किसके विषय में बात करता है? (बड़े पर्वत और एक विशाल लहर के बारे में।) बड़े पर्वत और एक विशाल लहर के बारे में। यहाँ दृश्य में समुद्र के किनारे पर्वत है जहाँ हम पर्वत, समुद्री फुहार, और साथ ही एक विशाल लहर को भी देख सकते हैं। इस उदाहरण में पर्वत उस लहर के लिए क्या है? (एक रक्षक और एक पर्दा।) यह एक रक्षक एवं पर्दा दोनों है। इसकी सुरक्षा करने का लक्ष्य यह है कि समुद्र के इस भाग को अदृश्य होने से बचाया जाए ताकि वे जलचर जो इसमें रहते हैं वे फल-फूल सकें। एक परदे के रूप में, पर्वत समुद्री जल—इस जलराशि—को उमड़कर बहने से और किसी आपदा को उत्पन्न करने से रोकता है, जो लोगों के घरों को नुकसान पहुँचाता और नष्ट करता है। अतः हम कह सकते हैं कि पर्वत पर्दा एवं रक्षक दोनों है। यह उस आपसी भरोसे के महत्व को दर्शाता है जो पर्वत एवं जलधारा, पर्वत एवं प्रचण्ड हवा, और पर्वत एवं उस विशाल लहर के बीच में है और वे किस प्रकार एक-दूसरे को रोकते हैं और किस प्रकार एक-दूसरे पर निर्भर हैं, इसके बीच में है, जिसके विषय में मैंने कहा है।
एक नियम एवं एक व्यवस्था है जो इन चीज़ों के अस्तित्व में बने रहने को संचालित करती है जिन्हें परमेश्वर ने सृजा था। जो कुछ कहानी में हुआ था उससे क्या तुम लोग देख सकते हो कि परमेश्वर ने क्या किया? क्या परमेश्वर ने संसार की सृष्टि की और फिर उसके बाद जो कुछ हुआ उसकी उपेक्षा की? क्या उसने उन्हें नियम दिए और जिन तरीकों से वे कार्य करते हैं उन्हें आकार दिया और फिर उसके बाद उनकी उपेक्षा की? क्या ऐसा ही हुआ था? (नहीं) तो वह क्या है? (हर चीज़ परमेश्वर के नियन्त्रण में है।) जल, हवा एवं लहरें अभी भी परमेश्वर के नियन्त्रण में हैं। वह उन्हें अनियन्त्रित रूप से गतिमान होने नहीं देता है और वह उन्हें लोगों के घरों को नुकसान पहुँचाने और बर्बाद करने नहीं देता है, और इस कारण से लोग पृथ्वी पर निरन्तर रह सकते हैं और फल-फूल सकते हैं। जिसका मतलब यह है कि जब परमेश्वर ने संसार की सृष्टि की थी तो उसने पहले से ही अस्तित्व के लिए नियमों की योजना बना ली थी। जब परमेश्वर ने इन चीज़ों को बनाया, तो उसने सुनिश्चित किया कि वे चीज़ें मनुष्य को लाभान्वित करेंगी, और साथ ही उसने उन्हें नियन्त्रित भी किया ताकि वे मानवजाति के लिए मुसीबत एवं विनाशकारी न हों। यदि परमेश्वर के द्वारा उनका प्रबंध नहीं किया जाता, तो क्या जल हर जगह नहीं बह रहा होता? क्या हवा सभी स्थानों पर नहीं बह रही होती? क्या वे किसी नियम के अधीन हैं? यदि परमेश्वर ने उनका प्रबंधन न किया होता तो वे किसी नियम के तहत संचालित न होती, हवा चीखती-चिल्लाती और जल ऊपर उठता और हर जगह बह रहा होता। यदि विशाल लहर पर्वत से अधिक ऊँची होती तो क्या समुद्र का वह हिस्सा तब भी अस्तित्व में रहता? समुद्र अस्तित्व में बने रहने में सक्षम नहीं होता। यदि पर्वत लहर के समान ही ऊँचा नहीं होता, तो समुद्र का वह क्षेत्र अस्तित्व में नहीं रहता और पर्वत अपने मूल्य एवं महत्व को खो देता।
क्या तुम लोग इन दो कहानियों में परमेश्वर की बुद्धि को देखते हो? (हाँ।) परमेश्वर ने संसार की सृष्टि की और वह इसका प्रभु है; वह इसका प्रभारी है और हर एक वचन एवं कार्य की निगरानी करते हुए वह इसके लिए आपूर्ति करता है। वह मानवीय जीवन के हर एक क्षेत्र का निरीक्षण भी करता है। अतः परमेश्वर ने संसार की सृष्टि की और हर एक चीज़ के महत्व एवं मूल्य को और साथ ही साथ उसकी कार्य प्रणाली, उसके स्वभाव, और जीवित रहने के लिए उसके नियमों को वह अपने हाथ की हथेली के समान स्पष्ट रूप से जानता है। परमेश्वर ने संसार की सृष्टि की; क्या तुम लोग सोचते हो कि उसे इन नियमों पर अनुसंधान करने की आवश्यकता है जो संसार को संचालित करते है? क्या परमेश्वर को अनुसंधान करने एवं इसे समझने के लिए मानवीय ज्ञान या विज्ञान को पढ़ने की ज़रूरत है? क्या मानवजाति के मध्य कोई ऐसा है जिसके पास वृहद् विद्वता और प्रचुर ज्ञान है कि सभी चीज़ों को समझे जैसे परमेश्वर समझता है? कोई नहीं है। सही है? क्या कोई खगोलशास्त्री या जीव-विज्ञानी है जो सचमुच में समझता है कि किस प्रकार सभी चीज़ें जीवित रहती और बढ़ती हैं? (नहीं।) क्या वे वाकई में हर चीज़ के अस्तित्व के मूल्य को समझ सकते हैं? (नहीं समझ सकते।) ऐसा क्यों है? सभी चीज़ों को परमेश्वर के द्वारा सृजा गया था, और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि मानवजाति कितना अधिक एवं कितनी गहराई से इस ज्ञान का अध्ययन करती है, या वे कितने लम्बे समय तक इसे सीखने के लिए प्रयत्न करते हैं, वे परमेश्वर के द्वारा रची सभी चीज़ों के रहस्य एवं उद्देश्य की थाह लेने में कभी भी सक्षम नहीं होंगे, क्या यह सही नहीं है? (हाँ)। यहाँ तक चर्चा कर लेने के बाद, क्या तुम लोगों को लगता है कि तुम में इस वाक्यांश "परमेश्वर सभी चीज़ों के लिए जीवन का स्रोत है" के निहित अर्थ की एक आंशिक समझ आ गई है? (हाँ।) मैं जानता था कि जब मैंने इस विषय पर चर्चा करूँगा तो बहुत से लोग तुरन्त ही इसके विषय में सोचेंगे कि परमेश्वर किस प्रकार सच्चाई है और किस प्रकार उसका वचन हमारे लिए आपूर्ति करता है, लेकिन वे सिर्फ इस स्तर पर ही इसके विषय में सोचेंगे। कुछ लोगों को तो यह भी लगेगा कि परमेश्वर के द्वारा मानवीय जीवन की आपूर्ति को, और प्रतिदिन के भोजन एवं पेय पदार्थ एवं तमाम दैनिक आवश्यकताओं की आपूर्ति को मनुष्य की आपूर्ति के रूप नहीं गिना जाता है। क्या कुछ लोगों को ऐसा नहीं लगता? क्या इस बात में परमेश्वर का अभिप्राय बिलकुल स्पष्ट नहीं है कि किस प्रकार उसने हर एक चीज़ की सृष्टि की है ताकि मनुष्य सामान्य रूप से अस्तित्व में रह सके और जीवन बिता सके? परमेश्वर उस वातावरण को कायम रखता है जिस में लोग रहते हैं और वह उन सभी चीज़ों की आपूर्ति करता है जिनकी इस मानवजाति को आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त, वह सभी चीज़ों का प्रबंध करता है और उनके ऊपर प्रभुत्व रखता है। यह सब कुछ मानवजाति को सामान्य रूप से जीने और सामान्य रूप से फलने-फूलने की अनुमति देता है; इस तरह परमेश्वर सभी चीज़ों और मानवजाति के लिए आपूर्ति करता है। क्या लोगों को इन चीज़ों को पहचानने एवं समझने की आवश्यकता नहीं है? शायद कुछ लोग कह सकते हैं, "यह विषय स्वयं सच्चे परमेश्वर के विषय में हमारे ज्ञान से बहुत दूर है, और हम इसे नहीं जानना चाहते हैं क्योंकि मनुष्य केवल रोटी के सहारे ही जीवित नहीं रह सकता है, परमेश्वर के वचन के सहारे जीवित रहता है।" क्या यह सही है? (नहीं।) यहाँ क्या गलत है? क्या तुम लोगों के पास परमेश्वर के वचन की पूर्ण समझ हो सकती है यदि तुम सब केवल उन्हीं चीज़ों को जानते हो जिन्हें परमेश्वर ने कहा है? यदि तुम लोग केवल उसके कार्य एवं उसके न्याय और ताड़ना को ही स्वीकार करते हो, तो क्या तुम सब के पास परमेश्वर की पूर्ण समझ होगी? यदि तुम लोग परमेश्वर के स्वभाव एवं परमेश्वर के अधिकार के एक छोटे से भाग को ही जानते हो; तो यह परमेश्वर की समझ को हासिल करने के लिए काफी है, सही है? (नहीं।) ऐसा क्यों है? (यह अत्यधिक एक तरफा है, क्योंकि हमारा ज्ञान खोखला है। लेकिन जब हम परमेश्वर को उसके कार्य के हर पहलू से जान लेते हैं जिसमें सृजित चीज़ें जैसे पर्वत एवं जलधाराएँ, झीलें, बीज, धूप एवं वर्षा शामिल हैं जिन्हें हम देखते हैं, निहारते हैं एवं अनुभव करते हैं, तो हमें लगता है कि हमारी समझ वास्तविक है। परमेश्वर के कार्य संसार की उसकी सृष्टि के साथ प्रारम्भ होते हैं और वे आज तक जारी हैं जहाँ उसके कार्य हर समय और हर क्षण प्रकट होते हैं। यदि लोग विश्वास करते हैं कि परमेश्वर मौजूद है सिर्फ इसलिए क्योंकि उसने कुछ लोगों को चुना है जिनके ऊपर वह अपने कार्य को अंजाम देता है ताकि उन लोगों को बचाए, और यदि वे विश्वास करते हैं कि अन्य चीज़ों में परमेश्वर, उसका अधिकार, उसका रुतबा, एवं उसका कार्य शामिल नहीं है, तो क्या यह माना जा सकता है कि यह वाकई में परमेश्वर को जानना है? ऐसे लोग जिनके पास परमेश्वर का ऐसा तथाकथित ज्ञान है—जो एक पक्षीय दृष्टिकोण पर आधारित है कि परमेश्वर बस लोगों के एक समूह तक ही सीमित है—वे अदूरदर्शी हैं। क्या यह परमेश्वर का असली ज्ञान है? ऐसे लोग जिनके पास परमेश्वर का इस प्रकार का ज्ञान है क्या वे उसके द्वारा सभी चीज़ों की सृष्टि का और उनके ऊपर उसके प्रभुत्व को नकारते नहीं हैं? कुछ लोग इसे स्वीकार नहीं करना चाहते, और शायद वे सोचते हैं: "मैं सभी चीज़ों के ऊपर परमेश्वर के प्रभुत्व को नहीं देखता हूँ, इसका मुझसे कोई वास्ता नहीं और मैं इसे समझना भी नहीं चाहता हूँ। परमेश्वर जो कुछ चाहता है वह उसे करता है और इसका मुझ से कोई लेना-देना नहीं है। मेरा सरोकार बस परमेश्वर की अगुवाई को स्वीकार करने से, उसके वचन से है और इस बात से है कि परमेश्वर के द्वारा मुझे पूर्ण बनाया जाएगा और मुझे बचाया जाएगा। मैं केवल इन्हीं चीज़ों पर ध्यान दूंगा, लेकिन मैं किसी अन्य बात को समझने की कोशिश नहीं करूंगा या इसके बारे में बिल्कुल नहीं सोचूंगा। जब परमेश्वर ने सभी चीज़ों की सृष्टि की थी तब जो भी नियम उसने बनाए थे या उनकी एवं मानवजाति को आपूर्ति करने के लिए जो कुछ परमेश्वर करता है, उसका मेरे साथ कोई लेना-देना नहीं है।" यह किस प्रकार की बात है? क्या यह बेहद शर्मनाक नहीं है? क्या तुम लोगों में से ऐसा कोई है जो ऐसा सोचता है? मैं जानता हूँ कि बहुत से ऐसे लोग हैं जो इस तरह से सोचते हैं भले ही तुम लोग ऐसा नहीं कहोगे। इस प्रकार के नियमानुसार चलने वाले लोग शायद इस बात में अपने स्वयं के तथाकथित आत्मिक दृष्टिकोण का उपयोग कर सकते हैं कि वे किस प्रकार प्रत्येक चीज़ को देखते हैं। वे परमेश्वर को बाइबल तक सीमित करना चाहते हैं, उन वचनों तक सीमित करना चाहते हैं जिन्हें उसने कहा है, और परमेश्वर को बस लिखित वचनों तक ही सीमित करना चाहते हैं। वे परमेश्वर के विषय में और अधिक जानने की इच्छा नहीं करते हैं और वे नहीं चाहते हैं कि परमेश्वर अन्य कार्यों को करने पर अधिक ध्यान दे। इस प्रकार की सोच बचकानी है और बहुत धार्मिक है। क्या ऐसे लोग परमेश्वर को जान सकते हैं जो ऐसा दृष्टिकोण रखते हैं? उन्हें परमेश्वर को जानने में कठिनाई होगी। आज मैंने ये दो कहानियाँ सुनाई हैं और इन दो पहलुओं के विषय में बात की है। इन्हें सुनने, इनके सम्पर्क में आने पर हो सकता है कि तुम लोग महसूस करो कि वे गंभीर हैं या थोड़ी संक्षिप्त हैं और इन्हें जानना-समझना कठिन है। हो सकता है कि इन्हें परमेश्वर के कार्यों से और स्वयं परमेश्वर से जोड़ना और भी अधिक कठिन हो। फिर भी, परमेश्वर के सभी कार्य और वह सब जिसे उसने सभी चीज़ों के मध्य एवं सम्पूर्ण मानवजाति के मध्य किया है उन्हें प्रत्येक व्यक्ति के द्वारा तथा हर किसी के द्वारा स्पष्ट रूप से एवं सटीक रूप से पहचाना जाना चाहिए जो परमेश्वर को जानने का प्रयास करता है। यह ज्ञान तुम्हें परमेश्वर के सच्चे अस्तित्व के विषय में प्रमाण एवं उसमें विश्वास देगा। साथ ही यह तुम्हें परमेश्वर की बुद्धि, उसकी सामर्थ्य, और किस प्रकार वह सभी चीज़ों के लिए आपूर्ति करता है इसके विषय में सटीक ज्ञान भी देगा। यह तुम्हें परमेश्वर के सच्चे अस्तित्व को साफ-साफ मन में ग्रहण करने और यह देखने की अनुमति देगा कि यह कपोल-कल्पना नहीं है, और एक पौराणिक कथा नहीं है। यह तुम लोगों को यह देखने की अनुमति देता है कि यह अस्पष्ट नहीं है, और सिर्फ़ एक सिद्धान्त नहीं है, और यह कि परमेश्वर निश्चित तौर पर सिर्फ एक आत्मिक सहारा ही नहीं है, बल्कि वह सचमुच में मौजूद है। इसके अतिरिक्त यह तुम्हें अनुमति देता है कि उसे परमेश्वर के रूप में इस रीति से जानो कि उसने हमेशा से ही सभी चीज़ों के लिए और मानवजाति के लिए आपूर्ति की है; वह इसे अपने तरीके से और अपने सुर-ताल के अनुसार करता है। अतः कहा जा सकता है कि यह इसलिए है क्योंकि परमेश्वर ने सभी चीज़ों को सृजा है और उसने उन्हें नियम दिए हैं कि उसकी हर एक उसके आदेश के अनुसार अपने आवंटित कार्य को करे, अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरा करे, और उस भूमिका को निभाए जो हर एक को दी गई थी। सभी मानवजाति के लिए अपनी भूमिका निभाते हैं, और इसे ऐसे स्थान में एवं ऐसे वातावरण में अंजाम देते हैं जहाँ लोग रहते हैं। यदि परमेश्वर इस प्रकार से चीज़ों को अंजाम नहीं देता और मानवजाति का वातावरण ऐसा न होता जैसा है, तो परमेश्वर में लोगों का विश्वास या उनके द्वारा उसका अनुसरण करना—इसमें से कुछ भी सम्भव नहीं होता; यह महज खोखली बात होती, क्या यह सही नहीं है?
आओ हम इसी कहानी पर एक और नज़र डालें—बड़ा पर्वत एवं छोटी जलधारा। पर्वत का मूल्य क्या है? जीवित प्राणी पर्वत पर फलते-फूलते हैं अतः इसके अस्तित्व का अपने आप में ही एक मूल्य है। साथ ही, पर्वत छोटी जलधारा को रोकता है, यह सुनिश्चित करता है कि वह जहाँ चाहे वहाँ न बहे और इसके परिणामस्वरूप लोगों के लिए तबाही न लाए। क्या यह सही नहीं है? पर्वत के अस्तित्व के कारण ही, जीवित चीज़ों जैसे वृक्ष एवं घास और सभी अन्य पौधों एवं जानवरों को पर्वत पर फलने फूलने का अवसर मिलता है, साथ ही वह छोटी जलधारा को भी निर्देश देता है कि कहाँ बहे; पर्वत जलधारा के जल को एकत्रित करता है और प्राकृतिक रूप से अपने निचले सिरे पर उसका मार्गदर्शन करता है जहाँ वह नदी में जा कर मिल सकती है और अन्ततः समुद्र में मिल सकती है। इन नियमों को प्रकृति के द्वारा नहीं बनाया गया था, बल्कि परमेश्वर ने सृष्टि के समय खास तौर पर उसकी व्यवस्था की थी। जहाँ तक बड़े पर्वत एवं प्रचण्ड हवा की बात है, पर्वत को भी हवा की आवश्यकता होती है ताकि उन जीवित प्राणियों को प्रेम से स्पर्श करे जो उस पर रहते हैं, और साथ ही, पर्वत हवा को सीमित भी करता है कि वह कितनी तेजी एवं प्रचण्डता से बहे ताकि वह तबाह एवं बर्बाद न करे। यह नियम, एक तरह से, बड़े पर्वत का कर्तव्य बन गया है, अतः क्या पर्वत के कर्तव्य से सम्बन्धित इस नियम ने अपने आप ही आकार ले लिया? (नहीं।) बल्कि इसे परमेश्वर के द्वारा बनाया गया था। उस बड़े पर्वत का अपना कर्तव्य है और उस प्रचण्ड हवा का भी अपना कर्तव्य है। अब, उस बड़े पर्वत एवं विशाल लहर के विषय में, पर्वत के वहाँ न होने पर क्या जल अपने आप ही बहने की दिशा को ढूँढ़ पाता? (नहीं)। जल भी नाश एवं बर्बाद करता। एक पर्वत के रूप में पर्वत का अपना मूल्य है, और एक समुद्र के रूप में समुद्र का अपना मूल्य है। इस प्रकार से, इन परिस्थितियों के अंतर्गत जहाँ वे एक-दूसरे के काम में हस्तक्षेप नहीं करते हैं और जहाँ वे सामान्य रूप से एक साथ मौजूद रह सकते हैं, वे एक-दूसरे को रोकते भी हैं, बड़ा पर्वत समुद्र को रोकता है ताकि वह जलमग्न न करे और इस प्रकार यह लोगों के घरों की सुरक्षा करता है, और साथ ही यह समुद्र को अनुमति भी देता है कि वह उन जीवित प्राणियों का पोषण करे जो उसके भीतर रहते हैं। क्या इस भूदृश्य ने अपने आप ही आकार लिया है? (नहीं।) इसे भी परमेश्वर के द्वारा सृजा गया था। हम इन छवियों से देखते हैं कि जब परमेश्वर ने संसार को सृजा था, तब उसने पहले से ही निर्धारित कर दिया था कि पर्वत कहाँ स्थित होगा, जलधारा कहाँ बहेगी, किस दिशा से प्रचण्ड हवा बहनी शुरू होगी और वह कहाँ जाएगी, साथ ही साथ लहरें कितनी विशाल और ऊँची होंगी। परमेश्वर के इरादे एवं उद्देश्य इन सभी चीज़ों के अंतर्गत हैं और वे उसके कार्य हैं। अब, क्या तुम लोग देख सकते हो कि परमेश्वर के कार्य सभी चीज़ों में मौजूद हैं? (हाँ।)
इन बातों के विषय में हमारी चर्चा का उद्देश्य क्या है? क्या यह इसलिए है ताकि लोग परमेश्वर के द्वारा संसार की सृष्टि के पीछे के नियमों पर शोध कर सकें? क्या यह इसलिए है ताकि लोग खगोल विज्ञान एवं भौतिकी में रूचि लेने लगेंगे? (नहीं।) फिर यह किसलिये है? यह इसलिए है ताकि लोग परमेश्वर के कार्यों को समझें। परमेश्वर के कार्यों को समझने का अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उसके कार्यों की समझ से, लोग यह दृढ़ता से कह सकते हैं और सत्यापित कर सकते हैं कि परमेश्वर ही सभी चीज़ों के लिए जीवन का स्रोत है। यदि तुम इस बिन्दु को समझने में सक्षम हो, तो तुम वाकई अपने हृदय में परमेश्वर के स्थान की पुष्टि कर सकते हो और तुम इसकी पुष्टि करने में सक्षम होगे कि परमेश्वर ही स्वयं अद्वितीय परमेश्वर है, और स्वर्ग एवं पृथ्वी तथा सभी चीज़ों का सृष्टिकर्ता है। अतः, क्या यह परमेश्वर के विषय में तुम्हारी समझ के लिए उपयोगी है कि सभी चीज़ों के नियमों को जानो और परमेश्वर के कार्यों को जानो? (हाँ।) यह कितना उपयोगी है? यह बहुत ही महत्वपूर्ण प्रश्न है। सबसे पहले, जब तुम परमेश्वर के इन कार्यों को समझ जाओगे, तो क्या तब भी तुम खगोल विज्ञान एवं भूगोल में रूचि लोगे? क्या तब भी तुम्हारा हृदय संशय करेगा और तुम सन्देह करोगे कि परमेश्वर सभी चीज़ों का सृष्टिकर्ता है? क्या तुम्हारे पास तब भी एक शोधकर्ता का हृदय होगा और तुम सन्देह करोगे कि परमेश्वर सभी चीज़ों का सृष्टिकर्ता है? (नहीं।) जब तुम इस बात की पुष्टि करते हो कि परमेश्वर इस संसार का सृष्टिकर्ता है और सृष्टि के पीछे के नियमों को जानने लगोगे, तो क्या तुम सचमुच विश्वास करोगे कि परमेश्वर संसार के लिए आपूर्ति करता है? (हाँ।) क्या "आपूर्ति करता है" सिर्फ किसी प्रकार के अर्थ के लिए कहा जा रहा है या क्या इसे किसी विशेष परिस्थिति में कहा जा रहा है? परमेश्वर संसार के लिए आपूर्ति करता है का एक व्यापक अर्थ एवं उपयोग है। सही है? परमेश्वर सिर्फ लोगों की भोजन एवं पेय की दैनिक आवश्यकताओं की ही आपूर्ति नहीं करता है, बल्कि वह मानवजाति को हर उस चीज़ की आपूर्ति करता है जिसकी उसे ज़रूरत है, इसमें हर वह चीज़ शामिल है जिसे लोग देख सकते हैं और ऐसी भी जिन्हें देखा नहीं जा सकता। परमेश्वर उस वातावरण को सम्भालता है, उसका प्रबंध करता है और उस पर शासन करता है जिसकी आवश्यकता मानवजाति को है। मानवजाति को जिस मौसम में जिस वातावरण की आवश्यकता होती है, परमेश्वर ने उसके लिये वैसा ही वातावरण तैयार कर दिया है। मानवीय अस्तित्व के लिए जो भी वातावरण या जो भी तापमान उपयुक्त होता है वह भी परमेश्वर के नियन्त्रण में है और इनमें से कोई भी नियम अपने आप ही या यों ही बिना सोचे-विचारे घटित नहीं होते हैं; वे परमेश्वर के नियम एवं उसके कार्यों का परिणाम हैं। स्वयं परमेश्वर ही इन सभी नियमों का स्रोत है और सभी चीज़ों के लिए जीवन का स्रोत है। यह एक अकाट्य सत्य है चाहे तुम इस पर विश्वास करते हो या नहीं, चाहे तुम इसे देख सकते हो या नहीं, या चाहे तुम इसे समझ सकते हो या नहीं।
मैं जानता हूँ कि विशाल संख्या में लोग उसी पर विश्वास करते हैं जो कुछ परमेश्वर ने बाइबल में कहा और किया है, और परमेश्वर ने लोगों के एक छोटे समूह पर अपने कार्यों को प्रकट किया था ताकि लोग उसके अस्तित्व के महत्व को देख सकें, और उसके रुतबे को समझ सकें और यह जान सकें कि वह सचमुच में अस्तित्व में है। लेकिन फिर भी, बहुत से लोगों को यह तथ्य कि परमेश्वर ने संसार की रचना की है और वह सभी चीज़ों का प्रबंधन और उनकी आपूर्ति करता है, अस्पष्ट एवं संदिग्ध प्रतीत होता है। यहाँ तक कि लोगों में सन्देह की प्रवृत्ति भी है। इस प्रकार की मनोवृत्ति से लोगों को निरन्तर यह विश्वास होने लगता है कि प्राकृतिक संसार के नियमों ने अपने आप ही आकार लिया है, प्राकृतिक संसार के परिवर्तन, रूपान्तरण, एवं प्राकृतिक घटनाएँ और ऐसे वास्तविक नियम जो प्रकृति को संचालित करते हैं, वे स्वेच्छा से उत्पन्न हुए हैं। इसका यह अर्थ है कि लोगों का दिमाग यह समझ ही नहीं पाता कि किस प्रकार परमेश्वर ने सभी चीज़ों की सृष्टि की है और वह कैसे उन सब चीज़ों पर शासन करता है, वे नहीं समझ पाते कि किस प्रकार परमेश्वर सभी चीज़ों का प्रबंध करता है और उनके लिये आपूर्ति करता है। इन्हीं दिमागी सीमाओं के कारण, लोग परमेश्वर की सृष्टि और सभी चीज़ों पर उसकी प्रभुता पर और इस बात पर विश्वास नहीं करते हैं कि वह आपूर्ति करने वाला है; यहाँ तक कि विश्वासी भी बस व्यवस्था के युग, अनुग्रह के युग और राज्य के युग तक ही सीमित हैं, अर्थात्, परमेश्वर के कार्य और साथ ही मानवजाति के लिए उसकी आपूर्ति किसी तरह केवल उसके चुने हुए लोगों तक ही सीमित है। इस चीज़ से मुझे वाकई घृणा और पीड़ा होती है, क्योंकि मानवजाति उन सबका आनन्द उठाती है जो परमेश्वर लेकर आता है, लेकिन साथ ही उन सब चीज़ों को नकारती भी है जो कुछ वह करता और उन्हें देता है। लोग यही विश्वास करते हैं कि स्वर्ग एवं पृथ्वी और सभी चीज़ें अपने प्राकृतिक नियमों से और विधियों से संचालित होते हैं, उनका कोई शासक नहीं है जो उन पर नियन्त्रण करे और उन्हें आपूर्ति करे, उन्हें सुरक्षित रखे। भले ही तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो, फिर भी तुम शायद यह विश्वास नहीं करते कि ये सब उसके कार्य हैं; परमेश्वर में हर एक विश्वासी के लिए, हर एक के लिए जो परमेश्वर के वचन को स्वीकार करता है, और जो परमेश्वर के वचन का पालन करता है यह एक अत्यंत उपेक्षित क्षेत्र है। अतः, जैसे ही मैं ऐसी कुछ बातों पर चर्चा करना शुरू करता हूँ जो बाइबल से या तथाकथित आध्यात्मिक शब्दावली से मेल नहीं खाता है, तो कुछ लोग ऊब जाते हैं या थक जाते हैं, यहाँ तक कि असहज हो जाते हैं। ऐसा लगता है जैसे यह बात आत्मिक लोगों एवं आत्मिक बातों से एकदम अलग हो गई है। यह बुरी बात है। जब परमेश्वर के कार्यों को जानने की बात आती है, हालाँकि हम खगोल विज्ञान, भूगोल या जीव विज्ञान की बात नहीं करते, फिर भी हम सभी चीज़ों पर परमेश्वर की प्रभुता को जानते हैं, हम सभी चीज़ों के लिए उसकी आपूर्ति को जानते हैं, और यह जानते हैं कि वह सभी चीज़ों का स्रोत है। यह एक अति महत्वपूर्ण कार्य है और ऐसा कार्य है जिसका अवश्य अध्ययन किया जाना चाहिए, समझ गए?
उन दो कहानियों के बारे में जिन्हें मैंने अभी-अभी बताया है, भले ही उनमें कुछ असामान्य विषयवस्तु हो और उन्हें किसी अनोखी शैली में तुम लोगों को बताया गया हो, तब भी मैं सीधी भाषा एवं एक सरल पद्धति का उपयोग करना चाहता था ताकि तुम लोग ऐसी चीज़ को समझ एवं स्वीकार कर सको जो काफी गंभीर है। यही मेरा एक मात्र लक्ष्य था: मैं चाहता था कि तुम लोग इन छोटी छोटी कहानियों एवं दृश्यों से देखो और विश्वास करो कि परमेश्वर सभी चीज़ों का शासक है। इन कहानियों को बताने का लक्ष्य यही है कि तुम लोगों को कहानी के सीमित दायरे में परमेश्वर के असीमित कार्यों को देखने एवं जानने का मौका मिले। जब तुम लोग पूरी तरह से अपने आप में इस परिणाम पर पहुँच जाओगे, तो यह तुम्हारे व्यक्तिगत अनुभवों एवं अनुसरण पर निर्भर करता है। यदि तुम सत्य की तलाश करते हो और परमेश्वर को जानने की कोशिश करते हो, तो ये चीज़ें तुम्हारे लिए एक स्थायी एवं मज़बूत अनुस्मारक के रूप में कार्य करेंगी; इससे तुम्हारे अंदर एक गहरी जागरुकता पैदा होगी, तुम्हारी समझ स्पष्ट होगी, तुम धीरे-धीरे परमेश्वर के वास्तविक कार्य के नज़दीक आते जाओगे, ऐसी नज़दीकी जिसमें कोई दूरी और कोई त्रुटि न होगी। लेकिन, यदि तुम परमेश्वर को जानने का प्रयास नहीं करते, तो ऐसी कहानियाँ जो तुमने सुनी हैं तुम लोगों का कोई नुकसान नहीं कर सकती हैं। अतः तुम लोग उन्हें बस सच्ची कहानियाँ मान सकते हो।
क्या तुम लोगों ने इन दो कहानियों से कुछ समझा? खुलकर बताइये। (परमेश्वर के द्वारा हमें इन दो कहानियों को बताने से, हम सचमुच में यह महसूस कर सकते हैं कि वह सभी चीज़ों का शासक, सृष्टिकर्ता एवं प्रबंधक है। हम परमेश्वर के कार्यों, उसकी सर्वसामर्थता, एवं उसकी बुद्धि को देखते हैं, और इससे हम और भी अधिक गहराई से मानवजाति के प्रति परमेश्वर के अनंत प्रेम को महसूस करते हैं। जो कुछ परमेश्वर करता है, वह मानवजाति के लिए करता है।) ठीक है, सबसे पहले, क्या मानवजाति के प्रति परमेश्वर की चिंता पर की गई हमारी पिछली चर्चा से इन दोनों कहानियों को अलग रखा गया है? क्या यहाँ कोई अनिवार्य सम्बन्ध है? (हाँ।) वह सम्बन्ध क्या है? क्या इन दोनों कहानियों में हम परमेश्वर के कार्यों को देखते हैं और यह देखते हैं कि वह किस प्रकार मानवजाति के लिए सभी चीज़ों की योजना बनाता है और उन्हें संभालता है? क्या परमेश्वर के सारे कार्य और उसके सभी विचार मानवजाति के अस्तित्व के प्रति अग्रसर होते हैं? (हाँ।) क्या मानवजाति के लिए परमेश्वर के सतर्क विचार एवं सोच बिलकुल स्पष्ट नहीं है? मानवजाति को कुछ भी नहीं करना पड़ता। परमेश्वर ने लोगों के लिए उस वायु को बनाया है जिसमें वे श्वास लेते हैं। जो सब्जियाँ एवं फल वे खाते हैं, वे आसानी से उपलब्ध हैं। उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूर्व से लेकर पश्चिम तक, प्रत्येक प्रदेश के पास अपने प्राकृतिक संसाधन और विभिन्न फसलें होती हैं और फलों एवं सब्जियों को परमेश्वर के द्वारा लोगों के लिए तैयार किया गया है। विशाल वातावरण की बात करें, तो परमेश्वर ने सभी चीज़ों को आपस में जुड़ा हुआ, आपस में गुथा हुआ, और परस्पर निर्भर बनाया है। उसने सभी चीज़ों के जीवित रहने के लिए और उनके अस्तित्व के लिए इस पद्धति एवं इन नियमों का उपयोग किया था और इस रीति से मानवजाति ने सुकून और शांति से जीवन बिताया है और वह विकसित हुई है और इस जीवन्त वातावरण में आज तक एक पीढ़ी से लेकर दूसरी पीढ़ी तक बहुगुणित हुई है। यानी परमेश्वर प्राकृतिक वातावरण को संतुलित करता है। यदि परमेश्वर के नियम एवं नियन्त्रण यथास्थान नहीं होते, तो कोई भी मनुष्य इस वातावरण को कायम एवं संतुलित नहीं रख सकता था, भले ही इसे परमेश्वर ने पहले इसकी रचना कर दी होती। यदि मनुष्य प्लास्टिक का बीज बनाता और उसे मिट्टी में बोता, तो क्या यह कभी अंकुरित होता? यदि मनुष्य प्लास्टिक का वृक्ष बनाता और उसे भूमि पर लगाता, तो कई सौ वर्षों में भी यह कभी एक पत्ता भी उत्पन्न नहीं करता, है न? कुछ स्थानों में हवा नहीं है, इसलिए लोग वहाँ नहीं रह सकते हैं और इन्हें सीमाओं के बाहर नहीं जाना चाहिये, यह मानवजाति की सुरक्षा के लिए है और ये सभी चीज़ें बड़ी रहस्यमयी हैं। वातावरण का हर एक कोना, पृथ्वी की लम्बाई एवं चौड़ाई, और पृथ्वी के सभी प्राणियों—जीवित एवं मृत दोनों—को परमेश्वर के द्वारा बनाया गया था और उन सब पर उसने सोचा था: इस बात की आवश्यकता क्यों है? यह अनावश्यक क्यों है? इस चीज़ के यहाँ होने का क्या उद्देश्य है और उसे वहाँ क्यों जाना चाहिए? परमेश्वर ने पहले से ही यह सब बहुत अच्छे से सोच लिया था और लोगों को इन बातों को सोचने की कोई आवश्यकता नहीं है। कुछ मूर्ख लोग हैं जो हमेशा पहाड़ों को हिलाने के विषय में सोचते रहते हैं, लेकिन ऐसा करने की अपेक्षा, वे मैदानों की ओर क्यों नहीं चले जाते हैं? यदि तुम पहाड़ों को पसन्द नहीं करते हो, तो तुम क्यों उनके पास रहने के लिए जाते हो? क्या यह मूर्खता नहीं है? यदि तुम उस पर्वत को हटा देते हो तो क्या होता है? तूफानी हवा आर-पार बहने लगेगी या एक विशाल लहर बहाकर ले जाएगी और लोगों के घर नष्ट हो जाएँगे। क्या ऐसा करना एक मूर्खतापूर्ण कार्य नहीं होगा? सही है? लोग केवल नाश कर सकते हैं। लोग उस स्थान को भी संभाल नहीं पाते जहाँ उन्हें रहना है, और फिर भी वे सभी चीज़ों के लिये आपूर्ति चाहते हैं। यह असंभव है।
परमेश्वर ने मनुष्य को सभी चीज़ों को सम्भालने और उनके ऊपर प्रभुता रखने की अनुमति दी है, पर क्या मनुष्य अच्छा काम करता है? (नहीं।) मनुष्य कैसे बुरा काम करता है? मानवजाति विनाश की ओर झुक जाती है; मानवजाति न केवल उन चीज़ों का संरक्षण करने में असमर्थ है जिन्हें परमेश्वर ने सृजा है, बल्कि उसने वास्तव में उनको नष्ट कर दिया है। मनुष्य ने पर्वतों को काटकर मलबे में तब्दील कर दिया है, मिट्टी से समुद्रों को पाट दिया है, और मैदानों को निर्जन स्थानों में बदल दिया है, जहाँ कोई नहीं रह सकता है। फिर भी निर्जन स्थानों में मनुष्य ने उद्योग की स्थापना कर दी है और परमाणु संयंत्रों का निर्माण कर दिया है और हर दिशा में विनाश का साम्राज्य है। नदियाँ अब नदियाँ नहीं रहीं, समुद्र अब समुद्र नहीं रहे, जब मानवजाति प्रकृति के संतुलन एवं नियमों को तोड़ती है, तो उसके विनाश एवं मृत्यु के दिन अधिक दूर नहीं होते और यह अवश्यमभावी है। जब विनाश आएगा, तो उन्हें पता चलेगा कि परमेश्वर की सृष्टि कितनी बहुमूल्य है और यह सब मानवजाति के लिए कितना महत्वपूर्ण है; मनुष्य का किसी वातावरण में रहना एक अच्छी जलवायु में स्वर्गलोक में रहने के समान है। लोग इस आशीष का एहसास नहीं करते हैं, परन्तु जिस क्षण वे इसे खो देंगे तब वे यह देखेंगे कि यह सब कितना दुर्लभ एवं बेशकीमती है। यह सब इंसान को वापस कैसे मिलेगा? यदि परमेश्वर इसे फिर से बनाने के लिए तैयार न हुआ तो लोग क्या करेंगे? तुम क्या कर सकते हो? (हम कुछ भी नहीं कर सकते हैं।) वास्तव में, तुम लोग कुछ कर सकते हो और यह बहुत सरल है और जब मैं तुम लोगों को बताऊँगा कि वह क्या है तो तुम लोग तुरन्त ही जान जाओगे कि यह संभव है। इंसान अपने मौजूदा वातावरण की विकट परिस्थिति में क्यों फँस गया है? क्या यह मनुष्य के लोभ एवं विनाश के कारण है? यदि मनुष्य इस विनाश का अन्त कर दे, तो क्या जीवन्त वातावरण अपने आप ही धीरे-धीरे ठीक नहीं हो जाएगा? यदि परमेश्वर कुछ नहीं करे, यदि परमेश्वर आगे से मानवजाति के लिए कुछ भी करने की इच्छा न करे—कहने का तात्पर्य है, वह हस्तक्षेप न करना चाहे—तो इस विनाश को रोकने के लिए और चीज़ों को पुनः वैसा ही बनाने के लिए जैसे वे थीं, मानवजाति के लिए सबसे उत्तम तरीका यह होगा कि वह इस विनाश को रोक दे। इस समस्त विनाश को समाप्त करने का अर्थ है कि उन चीज़ों की लूट एवं बर्बादी को रोका जाए जिन्हें परमेश्वर ने सृजा है। इससे उस वातावरण को धीरे-धीरे सुधरने का अवसर मिलेगा जिसमें मनुष्य रहता है। ऐसा करने में असफल होने का परिणाम होगा वातावरण का और अधिक विनाश तथा यह और अधिक गम्भीर हो जाएगा। क्या मेरा तरीका सरल है? (हाँ, यह सरल है।) यह सरल एवं संभव है न? वास्तव में सरल है, और यह कुछ लोगों के लिए संभव है, परन्तु क्या यह पृथ्वी पर अधिकतर लोगों के लिए संभव है? (नहीं है।) कम से कम क्या तुम्हारे लिए यह संभव है? (हाँ।) तुम्हारी "हाँ" कहाँ से आई है? क्या कोई कह सकता है कि इसमें परमेश्वर के कार्यों के विषय में समझ के एक आधार को स्थापित करना शामिल है? क्या कोई कह सकता है कि इसमें परमेश्वर के नियम एवं योजना पालन करना शामिल है? (हाँ।) इन सब को बदलने का एक तरीका है, परन्तु अभी हम लोग यहाँ इस विषय पर चर्चा नहीं कर रहे हैं। परमेश्वर प्रत्येक मानव जीवन के लिए ज़िम्मेदार है और वह बिलकुल अन्त तक ज़िम्मेदार है। परमेश्वर तुम्हारे लिए आपूर्ति करता है, भले ही तुम शैतान के द्वारा नष्ट वातावरण से रोगी हुए हो, या प्रदूषण से प्रभावित हुए हो या तुम्हें कोई और हानि हुई हो, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है; परमेश्वर तुम्हारे लिए आपूर्ति करता है और वह तुम्हें निरन्तर जीवित रखेगा। क्या तुम इसमें विश्वास रखते हो? (हाँ!) परमेश्वर मानव जीवन की हानि को हल्के में नहीं लेता है।
क्या तुम लोग परमेश्वर को समस्त जीवन स्रोत के रूप में पहचानने के महत्व को महसूस करने लगे हो? (हाँ, करने लगे हैं) तुम्हारे अंदर क्या भावनाएँ हैं? बताइये, मैं सुनना चाहूँगा। (पहले हमने पर्वतों, समुद्र एवं झीलों को परमेश्वर के कार्यों के साथ जोड़ने के बारे में कभी नहीं सोचा था। आज, परमेश्वर की संगति के माध्यम से, हम अब समझ गए हैं कि ये हमेशा से ही परमेश्वर के कार्य थे और ये उसकी बुद्धि से उदित हुए हैं, अतः हम देखते हैं कि परमेश्वर के द्वारा सभी चीज़ों की सृष्टि को बिलकुल शुरुआत से ही पूर्वनिर्धारित कर दिया गया था और वे सभी परमेश्वर की सदिच्छा को धारण किए हुए हैं। सभी चीज़ें आपस में जुड़ी हुई हैं और मानवजाति ही अंतिम लाभार्थी है। आज हमने जो कुछ सुना था वह बिलकुल ताज़ा और नया महसूस होता है, और हमने महसूस किया है कि परमेश्वर के कार्य कितने वास्तविक हैं। वास्तविकता में और अपनी दैनिक जीवन में जब हम जीवित प्राणियों के सम्पर्क में आते हैं तो हम वाकई में चीज़ों को वैसे ही देखते हैं जैसी वे हैं।) तुम सचमुच में इसे देखते हो, सही है? मानवजाति के लिए परमेश्वर की आपूर्ति किसी अच्छे आधार के बगैर नहीं होती है, वह मात्र कुछ वचन बोलकर ही शांत नहीं हो जाता। परमेश्वर इतना कुछ करता है, यहाँ तक कि वह तुम्हारे लाभ के लिए ऐसे काम भी करता है जिन्हें तुम नहीं देखते हो। मनुष्य इस वातावरण में एवं इस संसार में रहता है जिसे परमेश्वर ने सृजा है, और इसमें लोग एवं अन्य चीज़ें एक-दूसरे निर्भर होती हैं, ठीक उसी तरह जैसे पौधों से निकली हुई गैस वायु को शुद्ध करती है और उन लोगों को लाभ पहुँचाती है जो इसे श्वास में लेते हैं। फिर भी, कुछ पौधे लोगों के लिए विषैले होते हैं, परन्तु क्या उन पौधों के पास अन्य पौधे नहीं होते हैं जो उनके उनके विषनाशक होते हैं? यह परमेश्वर की सृष्टि के आश्चर्यों में से एक है! आज हमने इस विषय पर चर्चा नहीं की थी, इसके बजाए हमने मुख्य रूप से मनुष्य एवं अन्य चीज़ों की पारस्परिक निर्भरता पर, किस प्रकार मनुष्य अन्य चीज़ों के बगैर नहीं रह सकता है, इस पर चर्चा की थी। परमेश्वर द्वारा हर चीज़ के सृजन का क्या महत्व है? मनुष्य अन्य चीज़ों के बिना नहीं रह सकता है, ठीक वैसे ही जैसे मनुष्य को जीने के लिए वायु की आवश्यकता होती है और यदि तुम्हें एक रिक्त स्थान में रख दिया जाता, तो क्या होता, तुम जल्द ही मर जाते। इस एक मूलभूत सिद्धान्त से तुम्हें पता चल जाता है कि मनुष्य को अन्य चीज़ों की आवश्यकता होती है। अतः सभी चीज़ों के प्रति मनुष्य की मनोवृत्ति कैसी होनी चाहिए? (उन्हें सँजोकर रखिए।) उन्हें सँजोकर रखिए, उनकी सुरक्षा कीजिए, प्रभावी ढंग से उनका उपयोग कीजिए, उन्हें नष्ट मत कीजिए, उन्हें बर्बाद मत कीजिए और किसी सनक के साथ उन्हें मत बदलिए, क्योंकि सभी चीज़ें परमेश्वर की ओर से हैं और उन्हें मानवजाति को प्रदान किया गया है और मानवजाति को ईमानदारी से उनका उपयोग करना होगा। आज हम ने इन दो विषयों पर चर्चा की है, और तुम लोग वापस जाकर अच्छी तरह से इन पर विचार कर सकते हो। अगली बार हम कुछ चीज़ों पर और अधिक विस्तार से चर्चा करेंगे। आज के लिए हमारी संगति यहाँ पर समाप्त होती है। अलविदा! (अलविदा!)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें